जमानिया (गाजीपुर)। जमानिया कोतवाली क्षेत्र के चक्काबांध गांव के मुख्य नहर में मंगलवार की सुबह एक युवक डूब गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस नहर में जाल के माध्यम से युवक की तलाश शुरु करा दी। देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका था।

जानकारी के अनुसार सोनभद्र जनपद के पटना गांव निवासी विनोद जायसवाल का जमानिया क्षेत्र के स्टेशन बाजार निवासी मोती जायसवाल के यहां ससुराल है। वह अपने दोस्त पटना गांव निवासी अखिलेश कुमार विश्वकर्मा (40) के साथ ससुराल में अन्नप्राशन का निमंत्रण देने के लिए सोमवार की रात बोलेरो से निकला। सुबह करीब पांच बजे शौच लगने पर अखिलेश ने चक्काबांध गांव में मुख्य नहर के पास वाहन रोक दिया।

शौच के बाद मुख्य नहर में हाथ धोने के दौरान उसका पैस फिसल गया, जिससे वह पानी में चला गया। यह देख आसपास मौजूद लोग शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर वाहन में मौजूद अखिलेश के दोस्तों के साथ ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण तत्काल पम्प कैनाल पर पहुंचे और पानी बंद कराया। लोगों की सूचना पर पुलिस के साथ ही विनोद के रिश्तेदार भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने जाल के माध्यम से अखिलेश की तलाश शुरु करा दिया।

देर शाम छह बजे तक उसका पता नहीं चल सका था। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि नहर में जाल डलवाकर अखिलेश की तलाश कराई जा रही है। बताया कि नहर को बंद करवाया गया है और नहर में अभी पानी अधिक है। इसके कारण दिक्कत आ रही है।