मथुरा। बुधवार को यूपीपीसीएस परीक्षा का परिणाम जारी हुआ है जिसमें अनेक छात्र सफल हुए हैं। मथुरा के थाना कोतवाली में तैनात एक सिपाही की दो जुड़वा पुत्रों ने भी इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। दोनों जुड़वा भाईयों में एक का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर तो वहीं दूसरे का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ। सूचना पाकर जिले के एसएसपी गौरव ग्रोवर ने दोनों भाईयों व सिपाही पिता को बधाई दी है।

बता दें कि मूलत: सिंहपुर थाना एका फिरोजाबाद निवासी अशोक कुमार यादव मथुरा कोतवाली में मुंशी हैं। उनके जुड़वा पुत्र हैं। इनके नाम रोहित और मोहित यादव हैं। दोनों भाई शुरू से ही मेधावी छात्र रहे। बुधवार को यूपीपीसीएस के परीक्षा परिणाम घोषित हुआ। इसमें दोनों ही भाइयों का चयन हो गया। इसकी जानकारी होते ही परिवार और मित्रों में हर्ष लहर दौड़ गई।

मथुरा में तैनात कांस्टेबल पुष्पेंद्र यादव ने बताया कि उनके चाचा अशोक यादव के जुड़वा पुत्र रोहित यादव नायब तहसीलदार तो मोहित यादव डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित हुए हैं। वर्तमान में अशोक यादव का परिवार आगरा ट्रांस यमुना कॉलोनी में रह रहा है।
